पूर्वी सिंहभूम, 08 जुलाई।
पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित मुखी बस्ती के निराला पथ में 18 वर्षीय युवक पीयूष डे ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, पीयूष डे एक आइसक्रीम की दुकान में काम करता था। मंगलवार रात उसकी अपनी प्रेमिका से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया, जहां उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा और तत्काल नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और फोन पर हुए विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।