जमशेदपुर, 09 जुलाई। मानगो गुरुद्वारा रोड स्थित चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड की जांच के दौरान बुधवार देर रात पुलिस और मुख्य आरोपित साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार हथियार बरामदगी के लिए फॉरेस्ट क्षेत्र ले जाए जाने के दौरान आरोपित ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर संजय की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शब्बे की निशानदेही पर मानगो रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र से एक लोडेड पिस्टल, एक अन्य पिस्टल और चार खोखा बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इनका इस्तेमाल राहुल बच्चा हत्याकांड या अन्य किसी आपराधिक घटना में हुआ था या नहीं।
पूछताछ में मुख्य आरोपित ने दावा किया कि राहुल बच्चा उसकी और उसके भाइयों की लगातार रेकी कर रहा था तथा पूर्व में उस पर जानलेवा हमले भी हुए थे। उसने यह भी कहा कि हत्या गोली मारकर नहीं, बल्कि ईंट-पत्थर से हमला कर की गई। हालांकि पुलिस इन दावों का सत्यापन वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और करीब छह महीने पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार राहुल बच्चा और शब्बे के बीच मानगो क्षेत्र की एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने अंततः हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपितों से भी पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।