महाराष्ट्र के हिंगोली, परभणी और नांदेड़ में भूकंप के छह झटके, प्रशासन अलर्ट

मुंबई, 09 जुलाई। महाराष्ट्र के हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों में बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक भूकंप के लगातार छह झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

हिंगोली के उपजिला विभागीय अधिकारी विकास माने ने बताया कि पहला भूकंप रात 1:37 बजे वसमत तहसील में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 दर्ज की गई। इसके बाद 2:15 बजे, 2:17 बजे, 2:25 बजे, 3:23 बजे और उसके कुछ देर बाद लगातार पांच अन्य झटके महसूस किए गए। अंतिम झटके की तीव्रता 4.1 मापी गई।

जियोलॉजिकल डिपार्टमेंट के अनुसार, भूकंप का केंद्र वसमत तालुका के शिरली क्षेत्र में था। झटकों के कारण कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि दोबारा भूकंप के झटके महसूस हों तो तुरंत किसी सुरक्षित खुली जगह पर चले जाएं। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi