वाराणसी, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित दांडी घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बिहार के नालंदा निवासी एक युवक डूबने लगा। मौके पर तैनात 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा से वाराणसी आए रिशुराज नामक युवक सुबह गंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर अचानक गहरे पानी में चला गया और वह संतुलन खोकर डूबने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करते देख दांडी घाट पर पिकेट एवं पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ के जवानों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। बचावकर्मियों ने कुछ ही क्षणों में युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक की प्राथमिक जांच की गई और उसकी हालत सामान्य पाई गई। युवक रिशुराज ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उसने पहले एनडीआरएफ की तत्परता और जनसेवा के बारे में केवल सुना था, लेकिन आज स्वयं उनकी बहादुरी और सेवा भावना को देखा। उसने कहा कि यदि एनडीआरएफ के जवान समय पर मदद नहीं करते तो उसकी जान जा सकती थी।
एनडीआरएफ अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गंगा या अन्य नदियों में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।