तमाड़ में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

रांची, 10 जुलाई। रांची पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान बंगाली टोला, तमाड़ स्थित राजा शिव दत्ता मलिक के घर के पास से एक संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।

 

पूछताछ में युवक ने अपना नाम आशिफ खान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्ता मलिक से खरीदी थी।

 

इसके बाद पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर की तलाशी ली, जहां से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक कीपैड मोबाइल तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा शिव दत्ता मलिक (29 वर्ष), निवासी बंगाली टोला, तमाड़ तथा आशिफ खान (24 वर्ष), मूल निवासी मुस्लिम बस्ती, हटिया, वर्तमान निवासी पावर हाउस, बुंडू के रूप में हुई है।

 

इस संबंध में तमाड़ थाना कांड संख्या 41/26 के तहत NDPS Act की धारा 21(b), 22 एवं 29 में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama