खड़ी ट्रक से टकरराई तेजफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

दुमका, 10 जुलाई। दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहेजना गांव के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस को शव उठाने से रोकते हुए मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:45 बजे सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक और खलासी भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नोनीहाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में करण कुमार मांझी (25), निवासी करेली मोड़, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय कुमार लायक (25), निवासी सरंगपानी गांव, गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना के एसआई रमेश भगत ने बताया कि पुलिस ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल भिजवाया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सहेजना गांव के पास रात के समय अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग की है।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi