गिरिडीह, 10 जुलाई। गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो गांव निवासी कृष्णा सिंह उर्फ बंटी (20) के पुणे से लापता होने के बाद परिवार ने झारखंड सरकार से जल्द खोजबीन कराने की गुहार लगाई है। युवक के अचानक संपर्क टूट जाने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।
परिजनों के अनुसार, कृष्णा सिंह 29 मार्च 2026 को अपने चाचा मेघवाल सिंह के साथ महाराष्ट्र के पुणे स्थित काठवाड़ी में बन रहे रिंग रोड परियोजना में काम करने गया था। वह वहां आरवीआर कंपनी में कार्यरत था।
बताया गया कि 6 जुलाई 2026 को कृष्णा ने पुणे स्टेशन से फोन कर परिवार को बताया था कि वह घर लौट रहा है। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। लगातार संपर्क नहीं होने से परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है।
कृष्णा के माता-पिता अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परेशान हैं और सरकार से उसे जल्द खोजने की अपील कर रहे हैं।
प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सिकंदर अली शुक्रवार को कृष्णा के घर पहुंचे और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने झारखंड सरकार और संबंधित प्रशासन से युवक की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित घर वापस लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।