लातेहार, 10 जुलाई। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में अंधविश्वास की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ओझा-गुनी के शक में 65 वर्षीय केशव राम की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपित महिला सुनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, केशव राम अपने घर के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान सुनीता कुमारी टांगी लेकर पहुंची और उन पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण केशव राम की मौके पर ही मौत हो गई।
पूछताछ में आरोपित महिला ने पुलिस को बताया कि उसे विश्वास था कि केशव राम ने ओझा-गुनी के जरिए पहले उसके पिता की मौत कराई थी और अब उसे भी नुकसान पहुंचा रहे थे। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही