मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, दो उग्रवादी गिरफ्तार, 22 किलो मेथामफेटामाइन बरामद

इम्फाल, 09 जुलाई। मणिपुर में उग्रवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीते 24 घंटे के दौरान संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठनों के दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि करीब 22 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (वाईवाई टैबलेट) भी बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मणिपुर पुलिस ने इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन केवाईकेएल के सक्रिय सदस्य ताखेल्लाम्बम ग्रेमीचंद उर्फ इनाओचा सिंह (52) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, दो मैगजीन और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में उसके संगठन की गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात कही गई है।

एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के वैखोंग थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय उग्रवादी अंगोम चिंगखेंगनबा मैतेई (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह क्षेत्र में उगाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था।

इसी दौरान मणिपुर पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले में छापेमारी कर 19 पैकेटों में रखी लगभग 22 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।

सुरक्षा बलों ने राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 151 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई, जबकि विभिन्न जिलों में 114 नाका और चेक पोस्ट स्थापित कर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि उग्रवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi