मेदिनीपुर, 09 जुलाई। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र के खाजरा निवासी ठेकेदार एवं तृणमूल कांग्रेस नेता पीयूष चंद्र को सरकारी परियोजना के पाइप अवैध रूप से भंडारित करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ सरकारी परियोजना में इस्तेमाल होने वाले पाइपों को अवैध रूप से जमा करने का मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ मिली अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पीयूष चंद्र क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस की एक महिला नेता के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संबंधित नेता की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि सरकारी सामग्री किस तरह और किस उद्देश्य से भंडारित की गई थी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी के बाद केशियाड़ी के खाजरा क्षेत्र सहित स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।