भूमि संबंधी मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित, एक सप्ताह में देगी रिपोर्ट

खूंटी, 09 जुलाई। खूंटी जिले के कर्रा अंचल में भूमि संबंधी बढ़ते विवादों और लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी ने नामांतरण, बंदोबस्ती, सीमांकन सहित अन्य भूमि विवादों के मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।

आठ जुलाई को जारी आदेश के अनुसार गठित एसआईटी में अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, अंचल कार्यालय के लिपिक करमा नाग तथा भू-अर्जन कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक सुदीप तिग्गा को सदस्य बनाया गया है।

उपायुक्त ने जांच दल को निर्देश दिया है कि कर्रा अंचल में लंबित और वर्तमान में प्राप्त सभी भूमि संबंधी आवेदनों की गहन समीक्षा की जाए। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी। एसआईटी को एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा कर्रा के अंचल अधिकारी तथा कर्रा/जरियागढ़ थाना प्रभारी को जांच दल को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भूमि विवादों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

#Hashtags:

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi