बारिश के बाद धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार, खेतों में लौटीं किसानों की रौनक

औरैया, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में हाल ही में हुई अच्छी बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। पर्याप्त वर्षा के बाद खेतों में पानी और नमी मिलने से धान की रोपाई का कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है। गांव-गांव में किसान और कृषि मजदूर सुबह से शाम तक रोपाई में जुटे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खरीफ सीजन की गतिविधियां रफ्तार पकड़ चुकी हैं।

बारिश के बाद अधिकांश किसानों ने ट्रैक्टर और रोटावेटर की मदद से खेत तैयार कर लिए हैं। जिन किसानों की धान की नर्सरी पहले से तैयार थी, उन्होंने बिना देर किए रोपाई शुरू कर दी है। खेतों में महिलाओं और पुरुषों की टोली मिलकर धान की पौध रोपती नजर आ रही है। किसान संदीप, प्रेम शंकर, उदय और राम रतन का कहना है कि समय पर हुई बारिश से फसल की अच्छी शुरुआत हुई है और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा।

कृषि विभाग ने किसानों से मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए रोपाई करने, खेतों में उचित जलस्तर बनाए रखने तथा संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय बना रहा तो इस वर्ष धान का उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।

बारिश के बाद शुरू हुई धान की रोपाई से किसानों में उत्साह का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि अनुकूल मौसम के चलते इस बार अच्छी पैदावार होगी, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी और खरीफ सीजन सफल रहेगा।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi