चोर पकड़ने के दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 से मिसफायर, खुद को लगी गोली

रांची, 09 जुलाई। राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी इलाके अशोक नगर में बुधवार देर रात एक चोर को पकड़ने के दौरान चर्चित बिल्डर निशित केसरी के बॉडीगार्ड की एके-47 राइफल से अचानक मिसफायर हो गया। हादसे में गोली बॉडीगार्ड को ही लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे केसरी बिल्डर के आवास में चोर घुसने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात एक बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर परिसर की जांच करने बाहर निकला।

इसी दौरान मुख्य गेट के पास अचानक राइफल से गोली चल गई और गोली बॉडीगार्ड को ही लग गई। घटना में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला मिसफायर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोली किन परिस्थितियों में चली।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi