राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी का हॉकी टूर्नामेंट, हॉकी खूंटी ने जीता खिताब

खूंटी, 09 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की खूंटी इकाई ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। विभिन्न टीमों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एबीवीपी झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों की ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि बिरसा कॉलेज, खूंटी के निवर्तमान प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेलों में भाग लेने की अपील की।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हॉकी खूंटी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कामनता खूंटी को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जॉन टोपनो को ‘बेस्ट प्लेयर’ चुना गया।

इस अवसर पर खेल प्रमुख राजकुमार गुप्ता, जिला संयोजक हीरांजलि हेमरोम, हॉकी कोच अमित सौरभ एक्का, अतुल सहित कई अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरोम, रजनी संगा, करुणा और मंजन हेमरोम सहित एबीवीपी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi