पलामू, 09 जुलाई। नेशनल हाईवे-39 निर्माण कार्य के दौरान पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित चियांकी में गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मुआवजा दिए बिना मकान तोड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच हुई नोकझोंक के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
घटना में कई ग्रामीण घायल हो गए, जबकि पत्थरबाजी में जैप जवान राजमोहन सिंह और सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी घायल हो गईं। राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि प्रिया कुमारी के पैर में चोट लगी है। दोनों का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घटनास्थल पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, थाना प्रभारी अफजल अंसारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क जाम रही, जिसे बाद में हटवा दिया गया।
गौरतलब है कि संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही गुरुवार और शुक्रवार के लिए क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की टीम जेसीबी मशीन के साथ सड़क निर्माण में बाधा बने मकानों को हटाने पहुंची थी। स्थानीय रैयतों ने मुआवजा दिए बिना मकान तोड़े जाने का विरोध किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।