जमशेदपुर, 09 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर में विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने साकची से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायिक जांच की मांग उठाई।
रैली के दौरान धार्मिक प्रतीकों के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने रामायण के पात्रों का रूप धारण किया, जबकि वानर सेना की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में राहगीरों ने रैली को देखा और मोबाइल फोन से तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड किए।
प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो नेता बबन राय ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा कहा कि यदि किसी भी धार्मिक संस्था से जुड़े वित्तीय मामलों में भ्रष्टाचार या धन के दुरुपयोग के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
रैली उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच कराने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन में झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।