पलामू, 09 जुलाई। पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार रात पारिवारिक विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई। आरोप है कि एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। तीसरी बेटी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की जान बचा ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटे लाल प्रजापति और उसकी पत्नी सरिता देवी के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सरिता देवी ने सबसे पहले दादी की गोद में सो रही करीब ढाई वर्षीय डोली कुमारी को उठाकर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने चार वर्षीय प्रिया कुमारी को भी कुएं में डाल दिया।
बताया गया कि जब महिला तीसरी बेटी, छह वर्षीय सुषमा कुमारी, को कुएं में फेंकने का प्रयास कर रही थी, तो बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने बच्ची को छोड़ दिया और स्वयं कुएं में छलांग लगा दी।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दोनों मासूम बच्चियों को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया।
नावा बाजार थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित महिला सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।