खूंटी में महिला समेत दो की निर्मम हत्या, तजना नदी किनारे मिले शव; शादी में जा रहे थे दोनों

खूंटी, 10 जुलाई। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी किनारे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गई निवासी नेहा कुमारी और उनके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई। आशंका जताई जा रही है कि वारदात पुल के ऊपर अंजाम देने के बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से शवों को तजना नदी किनारे फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, नेहा कुमारी की बहन की शादी शनिवार को होनी थी। शादी में शामिल होने के लिए नेहा अपने बच्चों को ससुराल से लाने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव जा रही थीं। इसी दौरान दोनों रास्ते में लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी संबंधित थाने में दर्ज कराई थी।

घटनास्थल से शादी का निमंत्रण पत्र मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन खूंटी के लिए रवाना हो गए।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi