खूंटी, 10 जुलाई (हि.स.)। खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव में देवर और भाभी के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सागर पाहन (28) और रंदाय टूटी (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सागर पाहन और रंदाय टूटी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा गांव में थी। बताया जाता है कि रंदाय के पति नोगा पाहन आर्थिक तंगी के कारण 19 जून को रोज़गार की तलाश में दूसरे राज्य चले गए थे। उनके जाने के बाद सागर का रंदाय के घर आना-जाना बढ़ गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध की जानकारी मिलने के बाद नोगा पाहन ने पत्नी से फोन पर बात की थी और गांव लौटने की बात कही थी। इसी बीच गुरुवार रात दोनों ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे एक ऑटो चालक जब रंदाय के घर पहुंचा, तो उसने दोनों के शव फंदे से लटके देखे। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और ग्रामसभा के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रंदाय टूटी अपने पीछे 11 वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे को छोड़ गई हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।