पूर्वी सिंहभूम, 10 जुलाई (हि.स.)। शहर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को नामजद आरोपित राहुल दुबे ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। दोपहर करीब एक बजे वह दोनों हाथ ऊपर उठाए थाना परिसर पहुंचा और स्वयं को पुलिस के हवाले कर दिया। उसके आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही थाना परिसर में हलचल बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण से पहले राहुल दुबे ने कुछ पत्रकारों को इसकी जानकारी दी थी और उनके सामने ही थाने पहुंचा। चर्चा है कि उसे आशंका थी कि बिना सूचना सीधे पुलिस के सामने पेश होने पर पूछताछ के दौरान उसके साथ अप्रिय कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने राहुल दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उससे हिमांशु सिंह हत्याकांड में उसकी कथित भूमिका, घटना के समय उसकी मौजूदगी, वारदात की साजिश और अन्य आरोपितों से संबंधों को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
पिछले कई दिनों से पुलिस इस हत्याकांड के आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। शहर में यह भी चर्चा है कि संभावित पुलिस कार्रवाई और एनकाउंटर की आशंका के चलते राहुल दुबे ने आत्मसमर्पण का फैसला लिया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इन अटकलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपित की भूमिका और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, राहुल दुबे का आत्मसमर्पण इस चर्चित हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है, जिससे मामले की कई परतें खुलने की संभावना है।
#Jamshedpur #PurbiSinghbhum #HimanshuSinghMurderCase #RahulDubey #CrimeNews #Jharkhand #PoliceInvestigation #BreakingNews #HindiNews #LatestNews