तजना नदी पुल के नीचे महिला और युवक के शव मिलने से सनसनी, पति पर हत्या का आरोप

खूंटी, 10 जुलाई (हि.स.)। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई निवासी नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और पड़ोसी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी की शादी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक से हुई थी। वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी। गुरुवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे को साथ लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ बाइक से ससुराल गई थी। इस दौरान बेटे को साथ ले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नेहा और अरुण करंज थाना पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि ससुराल से लौटते समय कुंदन प्रमाणिक अपने साथियों के साथ उनका पीछा करते हुए आया, बाइक को टक्कर मारकर दोनों को गिराया और फिर जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गया।

शुक्रवार सुबह दोनों के शव खूंटी जिले के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे बरामद हुए। पुल पर खून के धब्बे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि घटना पुल या उसके आसपास हुई और बाद में शव नीचे फेंके गए। नेहा का शव पुल के नीचे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जबकि अरुण का शव पुल किनारे नाली में पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा, सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

नेहा के पिता भोला ठाकुर ने अपनी बेटी के पति कुंदन प्रमाणिक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और नेहा ने पहले भी पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। परिजनों का दावा है कि विवाह के बाद से नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और वह पिछले लगभग तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। घटना के बाद से कुंदन प्रमाणिक के फरार होने की भी बात कही गई है।

मृतकों के परिजनों ने करंज थाना पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शिकायत मिलने के बाद समय पर कार्रवाई होती, तो दोनों की जान बच सकती थी। उन्होंने निष्पक्ष जांच, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

#Khunti #Jharkhand #CrimeNews #BreakingNews #MurderCase #TajnaRiver #PoliceInvestigation #JusticeForNeha #HindiNews #LatestNews

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi