रांची में दर्दनाक हादसा: बंद कमरे में दम घुटने से मां और ढाई साल के बेटे की मौत, दो किशोरियां गंभीर

रांची: रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक किराए के मकान से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बंद कमरे में मां और उसके ढाई साल के मासूम बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, कमरे में मौजूद दो किशोरियां अचेत अवस्था में मिलीं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जांच के अनुसार, कमरे में जल रहे कोयले के चूल्हे से निकले जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान पिंकी देवी (32 वर्ष) और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार के रूप में हुई है।

घटना में चंदा कुमारी (15 वर्ष), जो पिंकी देवी की ननद हैं, तथा प्राची कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे कोयले के चूल्हे से निकले कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे जहरीले धुएं से दम घुटने की घटना माना जा रहा है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें