तमाड़ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गिट्टी लोड 9 हाईवा जब्त

तमाड़/रांची। रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरचुडीह स्थित क्रेशर से गिट्टी लोड कर जा रहे 9 हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को तमाड़ थाना परिसर में लाकर खड़ा किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाईवे पर विशेष जांच अभियान के दौरान प्रशासन ने गिट्टी लोड वाहनों को रोककर उनके चालान, परिवहन अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच के बाद सभी हाईवा को आगे की कार्रवाई के लिए थाना भेज दिया गया।

प्रशासन ने बताया कि सभी वाहनों के कागजात और खनिज परिवहन की वैधता की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama