पेपर लीक और सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का रांची में प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

रांची, 20 जुलाई। आम आदमी पार्टी (AAP) झारखंड ने सोमवार को पेपर लीक मामलों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रांची में विरोध मार्च निकाला। प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा के नेतृत्व में यह मार्च रांची विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में भी अपनी आवाज बुलंद की।

प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्र, युवा और आम जनता प्रभावित हो रही है।

वहीं, पार्टी नेता लक्ष्मण सिंह ने कहा कि छात्र और युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, जो सरकार की विफलता का संकेत है। उन्होंने पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेने की बात कही।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में जोनल प्रभारी राजेश लिंडा, स्वयं राज, यश कुमार, सूबेदार एसएन सिंह, अल्बर्ट एक्का, कृष्ण किशोर, एस.के. सिंह, आदित्य खाखा, फैजल, अफजल, विभाकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi