महिला आरक्षण बिल को बिना देरी लागू करने की मांग, ऐपवा का अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन

रांची: अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) के राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर महिला आरक्षण बिल को बिना किसी शर्त के तत्काल लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मौजूदा मानसून सत्र में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिला नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को परिसीमन और जनगणना से जोड़कर लागू करने में देरी नहीं की जानी चाहिए। उनका कहना था कि वर्तमान लोकसभा और राज्यसभा की सीटों पर ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाए।

ऐपवा की नेत्री नंदिता भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर लागू करने की कोशिश कर रही है, जिससे इसकी प्रक्रिया अनावश्यक रूप से टल रही है। उन्होंने कहा कि देशभर की महिलाएं इसके खिलाफ एकजुट हैं और सरकार को इसी मानसून सत्र में बिना किसी शर्त के महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान एक दिन पहले छात्रों पर हुए कथित पुलिस दमन की भी निंदा की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर महिला आरक्षण लागू करने में भी देरी की जा रही है।

प्रदर्शन में तारामणि साहू, एलिना होरो, कंचन उरांव, अलमा खलखो, लीला खलखो, दानिया लकड़ा, प्यारी बेंता, शांति कोरिया, चादों तिर्की, शांति सेन, ऐती तिर्की, अनीता टोप्पो, हीरा एक्का, सुषमा गाड़ी, सपना गाड़ी, मेवा लकड़ा, नंदिता भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi