20 साल बाद अंबाटोली को मिली गुणवत्तापूर्ण सड़क, शिकायत के बाद दूर हुई निर्माण की कमियां

मांडर, रांची: मांडर थाना क्षेत्र के अंबाटोली गांव में 41.64 लाख रुपये की लागत से बन रही पीसीसी सड़क के निर्माण कार्य में ग्रामीणों की शिकायत के बाद निर्माण एजेंसी और संबंधित अभियंताओं ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए। मंगलवार को निर्माण में बताई गई तकनीकी कमियों को दूर करते हुए सड़क का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा शुरू कराया गया।

ग्रामीणों की आपत्ति के बाद जिस स्थान पर जीएसबी (ग्रैन्युलर सब-बेस) की कमी पाई गई थी, वहां जेसीबी मशीन से दोबारा जीएसबी बिछाई गई। इसके बाद रोलर की मदद से बेस को अच्छी तरह दबाकर समतल किया गया, ताकि सड़क मजबूत, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण बन सके। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार भी किए गए।

निर्माण कार्य में सुधार होने पर ग्रामीणों ने संतोष और खुशी जताई। उनका कहना है कि करीब 20 वर्षों बाद गांव में इस स्तर की पक्की और गुणवत्तापूर्ण सड़क बन रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शुरुआत से ही कार्य सरकारी मानकों के अनुसार किया जाता, तो विवाद की नौबत नहीं आती।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य विकास कार्य में बाधा डालना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और मानक के अनुरूप बने। उन्होंने बताया कि समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी ने तत्काल संज्ञान लिया, जिसके परिणामस्वरूप निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार किए गए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक नियमित निगरानी की जाए, ताकि पूरा कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा हो सके।

 

 

 

 

 

 

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi