रांची: झारखंड लोक क्रांति मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए सीआईडी और रांची पुलिस द्वारा जेपीएससी कार्यालय में की गई कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने इसे छात्र-युवा आंदोलन की बड़ी सफलता बताया।
देवेंद्र नाथ महतो ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि छात्रों के लगातार आंदोलन, विरोध-प्रदर्शन और राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन के बाद जांच शुरू होना इस बात का संकेत है कि अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि केवल जांच शुरू होना पर्याप्त नहीं है। राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के हित में जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध तरीके से पूरी की जानी चाहिए तथा इसकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।
जेएलकेएम ने मांग दोहराई कि जांच पूरी होने तक 14वीं जेपीएससी मुख्य परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किए जाएं और यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, गोपनीयता भंग या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य, न्याय, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।




