नगड़ी में पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, जर्जर सड़क से मिलेगी राहत

रांची: कांके प्रखंड के नगड़ी गांव में पुनई टोप्पो के घर से लेकर नवीन कच्छप के घर के पास तक बनने वाली पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत फीता काटकर शिलान्यास किया गया। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों को जर्जर सड़क से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

बताया गया कि इस सड़क के निर्माण से नगड़ी स्थित सरकारी स्कूल में आने-जाने वाले विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों और वार्डों में जर्जर सड़कों समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्कूल के शिक्षकों ने एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष (क्लासरूम) की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर संबंधित जनप्रतिनिधि ने आश्वासन दिया कि विभाग को पत्र लिखकर जल्द से जल्द कक्षा कक्ष की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में कांके सरना समिति के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, यूथ कांग्रेस नेता जमील अख्तर, समाजसेवी हरिनाथ साहू, अशोक महतो, निलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi