घाटशिला में ओडिशा सीएम की हुंकार : कहा– झारखंड में अब परिवर्तन तय

पूर्वी सिंहभूम, 04 नवंबर (हि.स.)। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मंगलवार को आयोजित जनसभा में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने झारखंड सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में अब परिवर्तन तय है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की तरह झारखंड की जनता भी विकास व स्थिरता चाहती है, लेकिन वर्तमान सरकार ने जनता की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है।

माझी ने कहा कि ओडिशा में डबल इंजन सरकार के कारण गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। केंद्र-राज्य समन्वय से तेज़ी से विकास हुआ है। जबकि खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद झारखंड में बेरोज़गारी, पलायन और भ्रष्टाचार जस के तस बने हुए हैं। जनता अब इसका जवाब देने को तैयार है और भाजपा को ही सशक्त विकल्प के रूप में देख रही है।

घाटशिला उपचुनाव, झारखंड में परिवर्तन का शुभारंभ : माझी

माझी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई धारा बनी है। बिहार सहित अन्य राज्यों के उपचुनावों में भी जनता एनडीए के पक्ष में मतदान कर रही है। उन्होंने कहा कि घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत तय है और यही झारखंड में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत होगी।

सभा में ओडिशा मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू मंच पर मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए जनता से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण घाटशिला विधानसभा सीट रिक्त हुई है। इस उपचुनाव में झामुमो ने उनके पुत्र सोमेश सोरेन को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है और राजनीतिक पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें