गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव पर नगर कीर्तन, गुरुवाणी से गूंजा शहर

रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव पर मंगलवार को रामगढ़ गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में निकाले गए नगर कीर्तन सह शोभायात्रा में गुरुवाणी से पूरा शहर गुंजायमान रहा। शोभायात्रा की शुरुआत बिजुलिया स्थित स्व. सरदार गुरदित सिंह जौली और सरदार भूपेंद्र सिंह जौली के आवास से लंगर प्रसाद ग्रहण कर की गई। शोभायात्रा बिजुलिया, पुराना बस स्टैंड, लोहार टोला, चट्टी बाजार, झंडा चौक, थाना चौक व सुभाष चौक होते हुए गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान सुभाष चौक पर आतिशबाजी भी की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में सिख समाज के बुजुर्ग, युवा, महिला व बच्चे शामिल हुए।

सुसज्जित वाहन पर विराजमान रहे गुरु ग्रंथ साहिब

नगर कीर्तन में श्री गुरुग्रंथ साहिब को आकर्षक तरीके से फूलों से सजे वाहन पर विराजमान किया गया था। वाहन पर प्रधान ग्रंथी बाबा गुरजीत सिंह और सरबजीत सिंह भी साथ चल रहे थे। मार्ग में प्रमुख स्थानों पर स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए थे।

गतका पार्टी और शब्द गायन रहा आकर्षण का केंद्र

पंजाब से आई गतका पार्टी ने करतब दिखाकर सभी को आकर्षित किया। शब्द गायक विक्की छाबड़ा द्वारा गुरुवाणी का गायन किया गया, वहीं पंजाब से आए हंसदा बैंड भी विशेष आकर्षण बना। नगर कीर्तन में कुलबीर सिंह छाबड़ा, गुरप्रीत सिंह कालरा, यश छाबड़ा, गुरप्रीत सिंह चंडोक और अंगद सिंह चंडोक पंच प्यारे के रूप में शामिल रहे। पांच बच्चियां भी पंच प्यारी के रूप में शामिल हुईं।

सामाजिक संस्थाओं ने किया स्वागत

मार्गभर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने जगह-जगह चाय-नास्ता और सेवा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। बिजुलिया, छावनी फुटबॉल ग्राउंड, पंचमुखी हनुमान मंदिर, पुराना बस स्टैंड, लोहार टोला, चट्टी बाजार, थाना चौक, झंडा चौक, श्री दिगंबर जैन मंदिर सहित अन्य स्थानों पर स्वागत किया गया।

बुधवार को श्री गुरु नानक स्कूल में विशेष दीवान सजाया जाएगा। साथ ही कीर्तन समागम व अरदास का आयोजन होगा। शोभायात्रा में गुरुद्वारा के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, राजू छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में साध संगत शामिल रही।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama