खूंटी, 8 दिसंबर (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सोमवार को विधानसभा में शून्य काल के दौरान तोरपा और बानो प्रखंडों में अग्निशमन सेवा (Fire Brigade) उपलब्ध न होने का महत्वपूर्ण मामला उठाया। उन्होंने दोनों ही स्थानों पर तत्काल फायर ब्रिगेड केंद्र शुरू करने की मांग की।
विलंब से होता है बड़ा नुकसान
विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन को बताया कि तोरपा और बानो क्षेत्र में लगातार बढ़ती जनसंख्या, वाहनों की संख्या और सरकारी कार्यालयों तथा भवनों के निर्माण के कारण इन क्षेत्रों में अग्निशमन सेवा केंद्र खोलना निहायत जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में अग्निशमन सेवा केंद्र केवल खूंटी में उपलब्ध है। अगर तोरपा या बानो क्षेत्र में कोई आग लगने की घटना होती है, तो फायर ब्रिगेड को घटनास्थल पर पहुँचने में काफी विलंब हो जाता है। इस विलंब के कारण जान-माल का नुकसान बड़े पैमाने पर होता है।
विधायक ने सदन से आग्रह किया कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तोरपा और बानो प्रखंड में जल्द से जल्द अग्निशमन सेवा उपलब्ध कराई जाए।




