रामगढ़, 10 दिसंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में ईंट भट्ठों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए उपायुक्त (डीसी) फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने जिले के सभी अवैध ईंट भट्ठों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जिले में बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध कारोबार में अक्सर पुलिस और जिला प्रशासन की मिलीभगत के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, इस बार डीसी ने स्वयं एक आधिकारिक पत्र जारी कर इस अवैध धंधे पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है।
इन अधिकारियों को जारी किया गया निर्देश
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले के कई उच्चाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। इनमें निम्नलिखित अधिकारी शामिल हैं:
- पुलिस अधीक्षक (एसपी)
- वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ)
- जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ)
- रामगढ़ एसडीपीओ
- पतरातु एसडीपीओ
- डीएसपी हेडक्वार्टर
- सभी अंचल अधिकारी
- सभी थाना प्रभारी
- सभी ओपी प्रभारी
‘कड़ाई से प्रतिबंध लगाया जाएगा’
जारी निर्देश में डीसी ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित सभी ईंट भट्ठों पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाया जाएगा।
डीसी ने साफ चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुमति, लाइसेंस और आवश्यक कागजात के क्षेत्र में किसी भी ईंट भट्ठे का संचालन नहीं किया जाएगा। यह कदम जिले में हो रहे अनियंत्रित खनन और पर्यावरण पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



