एनसीपी ने साकची में किया संगठनात्मक फेरबदल, कन्हैया अग्रवाल बने मंडल अध्यक्ष

साकची में सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सौरव ओझा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने पर जोर

​बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रत्येक मंडल से लेकर वार्ड स्तर तक सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि मजबूत राजनीतिक संगठन के माध्यम से ही एनसीपी की नीतियों और सिद्धांतों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।

​डॉ. पांडेय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी अपनी राजनीतिक शक्ति को एकजुट करे और झारखंड में सत्ता तक पहुँचने का प्रयास करे, ताकि विकास कार्य पार्टी की नीतियों के अनुरूप हो सकें।

निकाय चुनावों में उतरेगी पूरी ताकत

​राष्ट्रीय महासचिव ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए भी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने आगामी झारखंड में होने वाले 48 नगर निकाय चुनावों में पूरी मजबूती के साथ भाग लेने, सभी पदों पर सशक्त उम्मीदवार उतारने और संगठनात्मक ताकत बढ़ाने का आह्वान किया।

कन्हैया अग्रवाल बने साकची मंडल अध्यक्ष

​संगठनात्मक विस्तार की दिशा में, पार्टी ने साकची मंडल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कन्हैया अग्रवाल को साकची मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर 21 सदस्यीय मंडल कमेटी का गठन कर उसकी सूची जिला कमेटी को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

​बैठक में जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सौरव ओझा के अलावा जितेंद्र मिश्रा, तन्मय सरकार, अनवर हुसैन, विनोद सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama