अवैध बालू उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर जब्त

 

गुमला, उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा नागफेनी में प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन का खुलासा किया।

गस्ती पदाधिकारी, खान निरीक्षक गुमला एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने नागफेनी पुल सूर्य मंदिर के समीप तथा कोयल नदी पुल के पास कार्रवाई करते हुए बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा। जांच में ट्रैक्टरों पर लगभग 230 घनफीट बालू लदा पाया गया। किसी भी ट्रैक्टर के पास वैध कागजात उपलब्ध नहीं होने से अवैध उत्खनन एवं परिवहन की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान विधिवत जप्ती सूची तैयार कर तीनों ट्रैक्टरों को बालू लदे ट्रॉली सहित जब्त कर लिया गया। इस मामले में संबंधित ट्रैक्टर मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, झारखंड लघु खनिज नियमावली, 2004 तथा झारखंड मिनरल (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियम, 2017 के सुसंगत प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें