घर में घुसकर युवक की हत्या, मेयर के करीबी शुभम की मौत

धनबाद: जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार शाम अपराधियों ने बेखौफ होकर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। ओपी से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर अज्ञात हमलावरों ने 28 वर्षीय शुभम यादव को उसके घर में घुसकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल शुभम को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल कतरास निचितपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां से स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे धनबाद के अशर्फी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने शुभम को निशाना बनाते हुए उसके सिर और गर्दन में तीन गोलियां मारी थीं। शुभम यादव को धनबाद के मेयर संजीव सिंह का करीबी बताया जा रहा है, जिससे घटना ने और भी तूल पकड़ लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama