रांची में ट्रैफिक जाम से राहत की बड़ी तैयारी, अरगोड़ा से डिबडीह तक बनेगा 469 करोड़ का एलिवेटेड रोड

Ranchi में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पथ निर्माण विभाग ने अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 469.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार प्रस्तावित एलिवेटेड रोड हरमू स्थित KAV रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह पुल के समीप सेलर नॉट रेस्टोरेंट तक बनाया जाएगा। परियोजना में कठल मोड़ (चापुटोली) और अशोक नगर रोड नंबर-3 की ओर अतिरिक्त कनेक्टिंग लेग भी शामिल होंगे, जिससे आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी और सुगम होगी।

पूरे प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी। इसके साथ सर्विस रोड का भी निर्माण किया जाएगा। योजना को Jharkhand State Highways Authority (JSHA) के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

सरकार ने इस परियोजना को दो चरणों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 280.62 करोड़ रुपये खर्च कर 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जाएगा, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य वित्तीय वर्ष 2027-28 में करीब 189 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होगा।

इस परियोजना को मंत्रिपरिषद की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण के बाद अरगोड़ा चौक, हरमू, अशोक नगर और डिबडीह इलाके में रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें