रांची: खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक Rajesh Kachhap ने राज्य की प्रशासनिक कार्यशैली और राँची पुलिस की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। विधायक ने आदिवासी अधिकारियों के लगातार तबादले और थानों में थानेदारों की पोस्टिंग प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जताई है।
विधायक ने कहा कि राज्य में योग्य और ईमानदार आदिवासी अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों से हटाकर लाइन में भेजा जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे तबादलों से विकास कार्यों पर भी असर पड़ रहा है और प्रशासनिक स्थिरता कमजोर हो रही है।
राजेश कच्छप ने थानेदारों की पोस्टिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय थानों में प्रभारियों की नियुक्ति में पारदर्शिता का अभाव दिखाई दे रहा है। योग्य पुलिस अधिकारियों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे जनता के बीच असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गलत प्रशासनिक फैसलों और थानों के रवैये के कारण खिजरी सहित पूरे राज्य में लोगों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि यदि आदिवासी अधिकारियों के साथ न्याय नहीं हुआ और पोस्टिंग प्रक्रिया में सुधार नहीं किया गया, तो वे जनता की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक और मजबूती से उठाएंगे।