सदान विकास पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, हिनू में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद साहु की अध्यक्षता में एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. साहु ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे, इसके लिए जनता को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिला, प्रखंड, वार्ड एवं पंचायत क्षेत्रों में जाकर लोगों को एसआईआर संबंधी जानकारी दें तथा उन्हें जागरूक करें।
डॉ. साहु ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को राज्यहित, समाजहित तथा विशेष रूप से एसआईआर के प्रति जागरूक करना और जनहित में पार्टी की ओर से सहयोग सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सभी मतदाता अपने नाम का सत्यापन अवश्य करें। मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व या निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने मतदान केंद्र पर जाकर यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है।
बैठक में डॉ. प्रदीप कुमार, अनंत कुमार, जगदीश प्रसाद साहु, सुनील कुमार भगत, रोहित कुमार, राजेश कुमार, बिनोद बिहारी महतो, उर्मिला देवी, चांदनी देवी, उर्मिला यादव, आरती देवी, संदीप जायसवाल, राजमोहन लोहरा, अर्जून ठाकुर, संजीत लोहरा, दीपक सोनी, श्रीकांत होरो, सुधीर चौधरी, सुधीर बैठा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।