पिठौरिया फायरिंग कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद

पिठौरिया थाना क्षेत्र में 2 जून को हुई फायरिंग की घटना का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों अफसर अंसारी और शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 जून की शाम करीब 6 बजे कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी पर जानलेवा हमला किया गया था। बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित के बयान के आधार पर पिठौरिया थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शोएब अंसारी को गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य आरोपी अफसर अंसारी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या के मामले में अफसर अंसारी आरोपी था। उस मामले में फिरोज अंसारी गवाह बनने वाले थे, जिसके कारण उन्हें गवाही नहीं देने के लिए धमकाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही पिठौरिया और कांके थाना क्षेत्र में हुई कई गृहभेदन (चोरी) की घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की है। पुलिस इन मामलों की आगे जांच कर रही है।

बरामद सामान:

  • 7.65 एमएम का एक पिस्टल
  • एक जिंदा कारतूस
  • बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH01EJ-0872)

गिरफ्तार आरोपी:

  • अफसर अंसारी (22 वर्ष), कोकदोरो, पिठौरिया
  • शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी (23 वर्ष), कोकदोरो, पिठौरिया
Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu