सांप के डसने से पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम

रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के बैजनाथ टाटा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। जहरीले सांप के डसने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुधीर महतो अपनी पत्नी, पुत्र रितेश कुमार और पुत्री के साथ रहते थे। शनिवार रात (7 जून) भोजन करने के बाद सुधीर महतो अपने बेटे रितेश के साथ एक कमरे में सोए हुए थे। रविवार तड़के करीब 4 बजे उनकी नींद खुली तो बिस्तर के पास एक जहरीला सांप दिखाई दिया। परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और काफी मशक्कत के बाद सांप को मार दिया गया।

कुछ देर बाद सुधीर महतो और उनके पुत्र रितेश कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों को आशंका हुई कि दोनों को सोते समय सांप ने डस लिया है। इसके बाद दोनों को तत्काल गोंदली पोखर स्थित स्वर्णरेखा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

हालांकि, इलाज के लिए रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही पिता-पुत्र ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सुधीर महतो पेशे से राजमिस्त्री थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं रितेश कुमार जीपी उच्च विद्यालय हेसल का छात्र था और पढ़ाई में काफी रुचि रखता था।

पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल भी देखा जा रहा है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu