महली जनजाति विकास मंच झारखंड प्रदेश की केंद्रीय समिति के पुनर्गठन को लेकर रविवार को पुराना विधानसभा परिसर में महली समाज का महाजुटान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के बुद्धिजीवियों, महिला-पुरुषों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाकवि घासीराम महली, स्वर्गीय दयानंद महली एवं स्वर्गीय आनंद राम धान के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मंच के अध्यक्ष हरि नारायण महली ने अध्यक्षीय संबोधन दिया, जबकि केंद्रीय सचिव ने संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की।
पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र राम महली ने वर्तमान समिति के कार्यों की सराहना की। वहीं पूर्व अध्यक्ष बिनोद महली ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं की अलग टीम का गठन किया जाना चाहिए तथा राज्य के सभी 24 जिलों में जिला समितियों का गठन आवश्यक है।
बैठक के दौरान वर्तमान अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष ने अपने पदों से इस्तीफा निर्वाचन पदाधिकारियों को सौंप दिया, जिसके बाद नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
चुनाव प्रक्रिया के बाद समाज के लोगों ने एक बार फिर हरि नारायण महली को अध्यक्ष, रमेश महली को सचिव और हरि शंकर महली को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना। समाज के लोगों ने उनके पूर्व कार्यों पर विश्वास जताते हुए उन्हें दोबारा जिम्मेदारी सौंपी।
निर्वाचन पदाधिकारी बूटन महली एवं सुमित महली ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। नव-निर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकारिणी सदस्य बिशुन महली ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सभा समाप्ति की घोषणा की।