रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित गितिल कोचा में हुई युवक आशिष लकड़ा की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिंकु बड़ाईक और कार्तिक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नौ जून को गितिल कोचा इलाके में 29 वर्षीय आशिष लकड़ा पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल आशिष को पुलिस की मदद से इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, जहां दस जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के भाई बिराज लकड़ा के बयान पर सदर थाना में कांड संख्या 268/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई। इसके बाद रिंकु बड़ाईक और कार्तिक कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन दोनों पक्ष एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपितों ने गुस्से में आकर आशिष लकड़ा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
डीएसपी केवी रमण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हत्या के खुलासे में विशेष छापेमारी टीम की अहम भूमिका रही। टीम में डीएसपी संजीव बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित चंदन कुमार, दीपक नारायण सिंह, दीपक राणा, विकास प्रसाद, जमील अंसारी और सदर थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।