मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका माथा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह ने शनिवार को परिवार के साथ विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में माथा टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचने पर मंदिर प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। इस दौरान उन्हें मां की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया। अमित सिंह ने गर्भगृह में पहुंचकर मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लिया और परिवार के साथ पूजा-अर्चना की।

दर्शन के बाद उन्होंने विंध्यधाम की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी का पावन दरबार देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां पहुंचने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम की धार्मिक परंपराएं और आध्यात्मिक गरिमा इसे प्रमुख शक्तिपीठों में विशेष स्थान दिलाती हैं।

इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक नगर समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

विशेष सचिव के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में पहले से आवश्यक तैयारियां की गई थीं। दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसके बाद अमित सिंह परिवार सहित वापस रवाना हो गए।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu