पलामू, 13 जून (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को 76-डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय बारालोटा स्थित बूथ संख्या 244 और 245 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे मतदाता सत्यापन और मैपिंग कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बूथ संख्या 244 के बीएलओ से कुल मतदाताओं और अब तक किए गए मैपिंग कार्य की जानकारी ली। बताया गया कि इस बूथ पर कुल 983 मतदाता हैं, जिनमें से 517 मतदाता अब तक अनमैप्ड पाए गए। यानी करीब 52 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य लंबित था। वहीं बूथ संख्या 245 पर भी लगभग 42 प्रतिशत मतदाता अनमैप्ड मिले।
कम प्रगति पर उपायुक्त ने दोनों बीएलओ के कार्यों पर नाराजगी जताई और मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों को गंभीरता से पूरा किया जाए। बीएलओ ने बताया कि कई मतदाताओं ने अन्य विधानसभा क्षेत्रों में अपना मैपिंग कार्य करा लिया है। इस पर उपायुक्त ने एएसडी सूची का सही तरीके से संधारण करते हुए ऐसे मतदाताओं को सूची से हटाने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने बारालोटा क्षेत्र में घरों पर लगाए गए नेशनल हाउस नंबर की औचक जांच भी की। जांच के दौरान कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण लेने की बात कही गई।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी संबंधित कर्मी पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निष्पादन करें।
निरीक्षण के दौरान डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, बीएलओ सुपरवाइजर समेत अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।