टाटा स्टील प्लांट में चोरी की कोशिश नाकाम, 79 किलो तांबे की केबल के साथ तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर, 14 जून (हि.स.)। टाटा स्टील प्लांट में चोरी की एक बड़ी कोशिश को सुरक्षा टीम ने नाकाम कर दिया। रविवार तड़के सुरक्षा कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब 79 किलोग्राम तांबे की केबल बरामद की गई है।

बताया गया कि टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग को चोरी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे जमशेदपुर स्थित प्लांट परिसर में विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने तीन संदिग्धों को कंपनी की मूल्यवान सामग्री के साथ पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में कॉपर केबल बरामद हुई, जिसे कथित तौर पर प्लांट परिसर से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शहबाज और मुबारक अली के रूप में हुई है। सुरक्षा अधिकारियों ने तीनों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया।

टाटा स्टील प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कंपनी की संपत्ति को नुकसान होने से बचा लिया गया। घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि टाटा स्टील की ओर से चोरी के आरोप में तीन लोगों को पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं और आरोपितों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu