पूर्वी सिंहभूम, 14 जून (हि.स.)। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित खासमहल से गोविंदपुर तक निर्माणाधीन सड़क परियोजना का कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। लंबे समय से निर्माण कार्य ठप रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने आंदोलन किया था। जनदबाव के बाद आखिरकार बंद पड़ा निर्माण कार्य दोबारा प्रारंभ हो गया।
सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में राहत और संतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही थी। आंदोलन के जरिए लोगों ने अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाया, जिसके बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हुईं।
रविवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने भी निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और तय मानकों के अनुसार कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
विधायक ने कहा कि खासमहल-गोविंदपुर सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब सभी बाधाओं को दूर कर निर्माण शुरू कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
स्थानीय चमन तिवारी सहित अन्य लोगों ने कहा कि पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां और क्षेत्रवासियों के आंदोलन के कारण इस मुद्दे को प्रमुखता मिली, जिसके परिणामस्वरूप सड़क निर्माण फिर से शुरू हो सका। लोगों को अब जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।