रांची, 14 जून (हि.स.)। झारखंड में मानसून सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 20 जून तक गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कोडरमा जिले के तिलैया डीवीसी क्षेत्र में सबसे अधिक 46.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के कांके में 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में 12 जून को मानसून का प्रवेश हो चुका है। मानसून आने के बाद रांची समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, हालांकि उमस की स्थिति अभी भी बनी हुई है।
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे और हवाएं चलीं। राजधानी में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री, डाल्टनगंज में 41.2 डिग्री, बोकारो में 31.1 डिग्री और चाईबासा में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों से मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।