मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मजार पर चादरपोशी, देश की सुख-समृद्धि के लिए मांगी दुआ

पूर्वी सिंहभूम, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित प्रसिद्ध चुना शाह बाबा मजार पर चादरपोशी की गई। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने देश की खुशहाली, अमन-चैन और विकास के लिए विशेष दुआ मांगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने मजार पहुंचकर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की। चादरपोशी के बाद सामूहिक रूप से शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे।

समुदाय के वरिष्ठ सदस्य अनवर खान ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और एकता में निहित है। उन्होंने कहा कि देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और सभी लोगों को आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।

वहीं, जुम्मन खान ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सभी धर्मों और समुदायों के बीच सम्मान, सहयोग और सामाजिक एकता जरूरी है। उन्होंने देश की तरक्की, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, किसानों की समृद्धि और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण की कामना की।

कार्यक्रम में अनवर खान, जुम्मन खान, अवतार सिंह, शाहिद, सरताज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देश की शांति, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की सामूहिक दुआ के साथ हुआ।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu