पलामू (झारखंड), 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे पलामू के मेदिनीनगर निवासी पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत के बाद रविवार को पूरे शहर में मातम पसरा रहा। शनिवार देर रात सभी मृतकों के शव मेदिनीनगर पहुंचे, जहां परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को गमगीन माहौल में एक साथ पांच जनाजे उठे और सैकड़ों लोगों ने उन्हें कंधा दिया।
बताया गया कि शुक्रवार को मेदिनीनगर निवासी चार जिगरी दोस्त एक चालक के साथ कार से बिहार के डेहरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से सभी उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ जियारत के लिए रवाना हुए थे। वापसी के दौरान आजमगढ़ जिले के कोतवाली देवगांव थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर उनकी कार खड़े ट्रक के नीचे घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य की मौत शनिवार शाम इलाज के दौरान वाराणसी में हुई।
मृतकों की पहचान मेदिनीनगर के कांजी हाउस मोहल्ला निवासी अजमल आलम, गोसिया मदरसा निवासी सोहराब राइन, पनेरीगली निवासी चालक अरबाज खान, मुस्लिम नगर निवासी कैश आलम और नूरी मस्जिद मोहल्ला निवासी हाजी अब्दुल रजाक साहब के रूप में हुई है।
रविवार सुबह सात बजे कन्नी राम चौक स्थित छोटी मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद एक-एक कर सभी जनाजे मस्जिद के पास लाए गए। मृतकों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और जनाजों को कंधा दिया। सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में सभी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।