रांची, 14 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे रविवार सुबह पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। वह धुर्वा पानी टंकी स्थित महावीर मंदिर के समीप का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले कुछ स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर लोगों ने पाया कि उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना धुर्वा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शराब की एक खाली बोतल भी मिली, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
धुर्वा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।